कवर्धा, 24 जून (आरएनएस)। पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धर्मेंद्र सिंह (आईपीएस) ने बुधवार को थाना पिपरिया का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था और कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण, मालखाना, हवालात, शस्त्रागार, सीसीटीएनएस कार्य तथा लंबित अपराधों एवं शिकायतों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था और आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही पुलिस सेवाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने थाना प्रभारी नितिन तिवारी एवं उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने लंबित अपराधों और शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने, गंभीर मामलों में प्रभावी विवेचना करने तथा फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग, रात्रि गश्त और संवेदनशील स्थानों की सतत निगरानी पर भी जोर दिया।
उन्होंने असामाजिक तत्वों, अवैध गतिविधियों और नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सघन कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात नियमों के पालन, सड़क सुरक्षा जागरूकता और दुर्घटना नियंत्रण के लिए विशेष प्रयास करने को कहा।
एसपी ने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली पारदर्शी, संवेदनशील और जनोन्मुखी होनी चाहिए। थाना पहुंचने वाले प्रत्येक नागरिक की शिकायत को गंभीरता से सुनकर निर्धारित समय-सीमा में उसका समाधान किया जाए। महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और कमजोर वर्गों से जुड़े मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतने तथा पीडि़तों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर भी बल दिया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, शस्त्रों के रखरखाव, मालखाना प्रबंधन और पुलिस बल के अनुशासन एवं कार्यकुशलता की भी समीक्षा की। एसपी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने थाना स्टाफ से अपने कर्तव्यों का निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान करते हुए बेहतर पुलिसिंग के माध्यम से आमजन में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण मजबूत बनाने पर जोर दिया।
०


