कुरई 24 जून (आरएनएस)। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से “सेफ क्लिक 2.0 – सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित जीवन” अभियान का शुभारंभ किया गया है। पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंददानी के निर्देशन में यह विशेष साइबर सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान पूरे सिवनी जिले में 24 जून से 8 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा।
अभियान के तहत थाना प्रभारी कुरई श्री कृपाल सिंह तेकाम के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों एवं सार्वजनिक स्थानों पर जनसंपर्क कर नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी लिंक एवं बैंकिंग साइबर अपराधों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
इस अवसर पर एसडीओपी बरघाट श्री ललित गठरे, थाना प्रभारी कुरई श्री कृपाल सिंह तेकाम, उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक, आरक्षक सहित थाना कुरई का समस्त पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा। अधिकारियों ने लोगों को बताया कि साइबर अपराधी नई-नई तकनीकों का उपयोग कर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं, इसलिए किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम या यूपीआई संबंधी जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें।
एसडीओपी श्री ललित गठरे ने बताया कि यह अभियान जिले के प्रत्येक क्षेत्र, ग्राम एवं कस्बों में चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा सके और वे ऑनलाइन धोखाधड़ी से सुरक्षित रह सकें।
वहीं थाना प्रभारी श्री कृपाल सिंह तेकाम ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्कता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या ऑनलाइन गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें तथा साइबर फ्रॉड होने की स्थिति में बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
सिवनी पुलिस का यह अभियान डिजिटल युग में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

