सिवनी 24 जून (आरएनएस)। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक डे 2026 के अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जिला हॉकी संघ सिवनी के संयुक्त तत्वावधान में एक रोमांचक हॉकी मैच का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता सिवनी रेड एवं सिवनी ग्रीन टीमों के बीच खेली गई, जिसमें खिलाडिय़ों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले के बाद सिवनी रेड टीम ने जीत हासिल कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की अधिकारी श्रीमती मनु धुर्वे, जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष डी.एल. गौर, पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी असद खान, वरिष्ठ खिलाड़ी अब्दुल रशीद कुरैशी, सेवानिवृत्त पीटीआई प्रदीप वर्मा तथा खेलो इंडिया हॉकी कोच फैसल खान विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर श्रीमती मनु धुर्वे ने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास के गुण विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने और ओलंपिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
अतिथियों ने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना, समर्पण, नियमित अभ्यास और टीमवर्क के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक डे के अवसर पर आयोजित यह प्रतियोगिता खिलाडिय़ों के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच साबित हुई। आयोजन ने जिले में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल को और मजबूत करने का संदेश दिया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

