भिलाई, 25 जून (आरएनएस)। वैशाली नगर थाना क्षेत्र के कैंप-1 में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। प्रॉपर्टी में हिस्सेदारी की मांग को लेकर बेटी ने अपनी मां पर हमला कर दिया, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। लहूलुहान हालत में परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बेटी ने अपनी मां से पैतृक संपत्ति में हिस्सा देने की मांग की थी। मां द्वारा हिस्सा देने से इनकार किए जाने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में बेटी ने मां पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। बताया जा रहा है कि युवती ने करीब 17 वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था और लंबे समय बाद वापस अपने मायके लौटी थी। परिवार के अनुसार वह वर्तमान में घर के एक छोटे से कमरे में हिस्सेदारी की मांग कर रही थी, जिसे लेकर विवाद चल रहा था। घटना के बाद घायल महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। मामले की सूचना मिलने पर वैशाली नगर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

