नई दिल्ली/रायपुर, 25 जून (आरएनएस)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात की। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, चिकित्सा अधोसंरचना के विकास, उर्वरकों की उपलब्धता तथा किसानों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विशेष रूप से दूरस्थ, ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और अन्य चिकित्सा संस्थानों का विस्तार एवं उन्नयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेशवासियों को आधुनिक और बेहतर उपचार सुविधाएं राज्य के भीतर ही उपलब्ध हों। बैठक के दौरान खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों के लिए खाद और बीज की उपलब्धता पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज उपलब्ध कराया जाए और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी और वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोडऩे और उन्नत खेती के लिए प्रेरित करने हेतु गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य में नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। किसानों को इनके लाभों की जानकारी देकर उत्पादन लागत कम करने और फसल उत्पादकता बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार, केंद्र सरकार के सहयोग से स्वास्थ्य, कृषि और जनकल्याण के क्षेत्रों में विकास को नई गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य और केंद्र के बीच बेहतर समन्वय से विकास योजनाओं को और प्रभावी बनाया जा रहा है। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

