जौनपुर 26 जून (आरएनएस)। जिले में अवैध असलहों की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को सफलता मिली है। शुक्रवार को थाना केराकत, गौराबादशाहपुर पुलिस, सओजी व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस मुठभेड के दौरान गैंग लीडर शैलेश यादव के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके तीन अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में एक बाल अपचारी भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, मोहर्रम पर चेकिंग अभियान के दौरान सूचना मिली कि बगधरी नहर पुलिया पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर चार बदमाश केराकत की ओर भाग रहे हैं। सूचना मिलते ही मल्लूपुर नहर पुलिया पर घेराबंदी की गई। पुलिस ने जब संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में गैंग लीडर शैलेश यादव के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि बाकी तीन आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त का संगठित गिरोह चलाते हैं और भारी मात्रा में हथियार सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस ने मौके से 3 देशी पिस्टल, 10 तमंचे, कारतूस, 2 मोटरसाइकिल और 3 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।घायल शैलेश यादव को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बरामदगी के आधार पर थाना केराकत में मुकदमा दर्ज कर पुलिस गिरोह के नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

