लखनऊ, 26 जून (आरएनएस )। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने यात्रियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ट्रेनों से कुल 930 बोतल अधोमानक पेयजल जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान एक अनधिकृत वेंडर को भी पकड़ा गया, जिसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के हवाले कर दिया गया।मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अरिजीत सिंह के निर्देशन में सहायक वाणिज्य प्रबंधक ओंकार नाथ वर्मा ने शुक्रवार को विभिन्न ट्रेनों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ट्रेन संख्या 20103 की पैंट्री कार में बड़ी मात्रा में अधोमानक पेयजल मिलने पर कार्रवाई की गई।रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन संख्या 20103 से 680 बोतल अधोमानक पानी जब्त किया गया। वहीं ट्रेन संख्या 13020 के निरीक्षण में 250 बोतल अधोमानक पानी बरामद हुआ। इस प्रकार दोनों ट्रेनों से कुल 930 बोतल अधोमानक पानी जब्त कर एलपीओ गोंडा में जमा करा दिया गया।निरीक्षण के दौरान ट्रेन संख्या 20103 में एक अनधिकृत वेंडर भी यात्रियों को सामान बेचते हुए पकड़ा गया। उसे तत्काल ऑन-बोर्ड रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सुपुर्द कर दिया गया, जहां उसके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।रेलवे प्रशासन ने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खानपान तथा पेयजल उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार के अधोमानक खाद्य पदार्थ या पेयजल की बिक्री तथा अनधिकृत वेंडरों की गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में लगातार औचक निरीक्षण और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।रेलवे ने यात्रियों से भी अपील की है कि वे यात्रा के दौरान केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद्य सामग्री और पेयजल खरीदें। यदि किसी ट्रेन या स्टेशन पर कोई अनधिकृत विक्रेता या संदिग्ध गुणवत्ता वाला पानी अथवा खाद्य सामग्री बेचता हुआ दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल रेलवे हेल्पलाइन या संबंधित रेलवे अधिकारियों को दें।रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें तथा रेलवे यात्रा को और अधिक विश्वसनीय बनाया जा सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

