लखनऊ/प्रयागराज, 26 जून (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने शुक्रवार को प्रयागराज दौरे के दौरान ऊर्जा विभाग, नगर विकास विभाग और विकास प्राधिकरण के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनहित से जुड़े सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और कार्यों में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सर्किट हाउस सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में ऊर्जा विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने प्रदेशवासियों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली आपूर्ति से संबंधित किसी भी शिकायत का तत्काल निस्तारण किया जाए और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की मांग पर स्वीकृत अथवा निर्माणाधीन विद्युत परियोजनाओं को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए, ताकि लोगों को समय पर बेहतर सुविधाएं मिल सकें।नगर विकास विभाग और विकास प्राधिकरण की समीक्षा के दौरान ए.के. शर्मा ने प्रयागराज में चल रही सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी माघ मेले से पहले सभी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को हर हाल में पूरा किया जाए। साथ ही सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) से जुड़े कार्यों में तेजी लाकर उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश भी दिए।मंत्री ने कहा कि महाकुंभ से पहले शहर के जिन प्रमुख चौराहों का सौंदर्यीकरण किया गया था, उनका पुन: निरीक्षण कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जाएं ताकि शहर की सुंदरता और व्यवस्थाएं बेहतर बनी रहें। उन्होंने वर्षाकाल को देखते हुए सभी प्रमुख नालों की समयबद्ध सफाई कराने के निर्देश देते हुए कहा कि जलभराव की समस्या से नागरिकों को हर हाल में राहत मिलनी चाहिए।बैठक में ए.के. शर्मा ने हनुमान मंदिर कॉरिडोर के शेष कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मेला क्षेत्र के किनारे स्थापित स्ट्रीट लाइटों के संबंध में भी स्पष्ट निर्देश दिए कि जहां उनकी आवश्यकता अभी बनी हुई है, वहां उन्हें हटाया न जाए, ताकि क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनी रहे और श्रद्धालुओं तथा स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनसुविधाओं, आधारभूत संरचना और विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि सभी परियोजनाएं गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी जनहित को सर्वोपरि रखते हुए पूरी जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंच सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

