-मसाला फसलों की उन्नतशील खेती विषय पर हुई संगोष्ठी
अयोध्या 26 जून (आरएनएस )। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के उद्यान एवं वानिकी महाविद्यालय द्वारा भारत सरकार की अनुसूचित जाति उपयोजना (एससीएसपी) के अंतर्गत मसाला फसलों की उन्नतशील खेती विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कृषि विवि के कुलपति डा ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह के कुशल दिशा-निर्देशन में सोहावल के मगलसी गांव मेंआयोजित किया गया। अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना के मुख्य अन्वेषक डा. धनन्जय कुमार उपाध्याय ने कहा कि हल्दी, धनिया, मिर्च, जीरा, सौंफ तथा मेथी जैसी मसाला फसलें किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। डा. कुलदीप पांडेय ने बताया कि मसाला फसलों की खेती कम लागत में अधिक लाभ देने वाली है। साथ ही इन फसलों की देश एवं विदेश में लगातार बढ़ती मांग के कारण किसानों को बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त हो रहा है। डा. हितेष कुमार ने किसानों को उन्नत बीजों के चयन, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, सिंचाई तकनीक तथा कीट एवं रोग नियंत्रण के आधुनिक उपायों की जानकारी दी। डा. अनिल कुमार ने बताया कि मसाला फसलों की वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने पर किसान कम लागत में अधिक उत्पादन एवं बेहतर लाभ प्राप्त कर सकते हैं। प्रशिक्षण के उपरांत किसानों को धनिया, मेथी एवं सौंफ के उन्नत बीज, विभिन्न सब्जी बीज, फफूंदनाशक, कीटनाशक तथा सूक्ष्म पोषक तत्व नि:शुल्क वितरित किए गए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में 50 से ज्यादा अनुसूचित जाति कृषकों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अधिष्ठाता उद्यान एवं वानिकी महाविद्यालय डॉक्टर भगवान दीन ने हर्ष व्यक्त किया एवं भविष्य में भी किसान हित मेँ इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही ।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

