0 पामगढ़ पुलिस ने घंटों में दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 27 जून (आरएनएस)। पामगढ़ पुलिस ने नकली मंगलसूत्र को असली सोना बताकर ज्वेलरी व्यवसायी से 40 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो शातिर आरोपियों को घटना के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की पूरी राशि 40 हजार रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त बलेनो कार जब्त कर ली है।

पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को पामगढ़ स्थित केसर लाल एंड संस ज्वेलरी दुकान के संचालक हिमांशु सोनी ने थाना पामगढ़ में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच सफेद रंग की बलेनो कार (CG 04 QY 6279) से आए दो युवकों ने 50 हजार रुपये की आवश्यकता बताते हुए एक मंगलसूत्र गिरवी रखने की बात कही।
आरोपियों में से एक ने खुद को अमित तिवारी बताते हुए नकली खरीद बिल प्रस्तुत किया। बिल और मंगलसूत्र को असली समझकर व्यवसायी ने 40 हजार रुपये दे दिए। आरोपियों के जाने के बाद जांच करने पर पता चला कि गिरवी रखा गया मंगलसूत्र सोने का नहीं, बल्कि बेनटेक्स का नकली आभूषण था। इसके बाद व्यवसायी ने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी अकलतरा प्रदीप सोरी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल की सहायता से पुलिस ने बलौदा बाजार में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन सोनी (22 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 9, बलौदा बाजार तथा अमित सोनी (42 वर्ष), निवासी वैष्णव कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 21, बलौदा बाजार के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त बलेनो कार (ष्टत्र 04 क्तङ्घ 6279) जब्त की है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, उप निरीक्षक सुरेश जाट, सहायक उप निरीक्षक प्रमोद महार, आरक्षक श्याम ओग्रे, बेदराम पटेल, सैनिक अनिल दिनकर तथा थाना पामगढ़ की टीम की सराहनीय भूमिका रही।
0

