रायपुर, 28 जून (आरएनएस)। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए रायपुर यातायात पुलिस का ड्रंक एंड ड्राइव अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत 27 जून की रात शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष जांच अभियान चलाकर 47 नशे में वाहन चला रहे चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस के अनुसार, इस वर्ष अब तक 3559 वाहन चालकों के खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य किसी लक्ष्य को पूरा करना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, लोगों के जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना और यातायात अनुशासन को बढ़ावा देना है।

शनिवार रात शहर के तेलीबांधा चौक, पचपेड़ी नाका, भाठागांव चौक, टाटीबंध चौक, कालीबाड़ी चौक, जय स्तंभ चौक, भनपुरी चौक और पंडरी थाना के सामने विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) सीमा अहिरवार ने किया।
जांच के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते हुए 29 कार चालक, 4 मोटरसाइकिल चालक, 1 ई-रिक्शा चालक, 7 टाटा एस चालक और 6 ट्रक चालक सहित कुल 47 वाहन चालक पकड़े गए। सभी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत चालानी कार्रवाई की गई है और उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, ट्रैफिक नियमों का सम्मान करें और नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि शहर में सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
0

