बिलासपुर, 28 जून (आरएनएस)। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बेलगहना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 लीटर महुआ शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हाथ भट्टी से निर्मित महुआ शराब जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चेतना अभियान के तहत नशामुक्त समाज बनाने और अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 28 जून को चौकी बेलगहना पुलिस ने ग्राम करवा में दबिश देकर आरोपी पिप्पी उर्फ प्रीतम डहरिया (26 वर्ष) निवासी करवा को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के बाड़ी के पास सड़क किनारे रखे तीन अलग-अलग जरीकेनों से 30 लीटर हाथ भट्टी से निर्मित महुआ शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 3 हजार रुपये बताई गई है।
इस मामले में चौकी बेलगहना में अपराध क्रमांक 529/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराकर विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक बी.एन. बनाफर, एएसआई मोतीलाल सूर्यवंशी, प्रधान आरक्षक राधेश्याम मरावी तथा आरक्षक ईश्वर नेताम, संजय कश्यप और धीरज जायसवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
0

