0 हीरापुर-जरवाय-अटारी को सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की सौगात
रायपुर, 28 जून (आरएनएस)। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए रविवार को छह करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया। ग्राम जरवाय स्थित प्रेरणा ब्लाइंड स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक राजेश मूणत और रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने सड़क, स्वास्थ्य और अधोसंरचना से जुड़े कई विकास कार्यों की आधारशिला रखी।

कार्यक्रम के दौरान लोक निर्माण विभाग की ओर से 4.11 करोड़ रुपये की लागत से हीरापुर, जरवाय और अटारी क्षेत्र के आंतरिक मार्गों के निर्माण का भूमिपूजन किया गया। वहीं नगर निगम रायपुर ने अधोसंरचना मद से लगभग 1.40 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इसके अलावा छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण की भी आधारशिला रखी गई। इस अवसर पर विधायक राजेश मूणत ने कहा कि रायपुर पश्चिम विधानसभा में विकास केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि हर वार्ड और हर बस्ती तक विकास पहुंचाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वीर सावरकर वार्ड में अब तक करीब 73 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत और संचालित किए जा चुके हैं। इनमें लगभग 65 करोड़ रुपये की लागत से दो प्रमुख पुलों का निर्माण, नगर निगम के करीब 9 करोड़ रुपये के विकास कार्य तथा लगभग 80 लाख रुपये के अन्य कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि रायपुर पश्चिम में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, उद्यान, सामुदायिक भवन और आधुनिक शहरी अधोसंरचना के विकास पर समान रूप से कार्य किया जा रहा है। नालंदा परिसर युवाओं के लिए आधुनिक अध्ययन केंद्र बन चुका है, जबकि नालंदा परिसर फेस-2, महादेव कॉरिडोर और मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं। राजेश मूणत ने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार का राजनीतिक भेदभाव नहीं किया जाता और जनप्रतिनिधि का दायित्व हर नागरिक तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि हीरापुर, जरवाय और अटारी क्षेत्र में शुरू हुई परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद हजारों लोगों को बेहतर सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सुविधाएं और आधुनिक नागरिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। महापौर मीनल चौबे ने कहा कि नगर निगम रायपुर शहर के समग्र और सुनियोजित विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि शुरू किए गए विकास कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र के हजारों परिवारों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
0

