कराची,28 जून। पाकिस्तान के कराची में शनिवार रात एक बड़ा आतंकी हमला हुआ। आतंकियों ने सिंध रेंजर्स के मुख्यालय को निशाना बनाया। इस घटनाक्रम में 4 जवान और 6 आतंकवादी मारे गए। खबर है कि एक आतंकवादी को जिंदा पकड़ लिया गया। आतंकियों ने पहले विस्फोटकों से भरी गाड़ी अर्धसैनिक पाकिस्तानी रेंजर्स के प्रांतीय मुख्यालय में घुसा दी, जिससे जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद जवानों और आतंकियों में देर तक गोलीबारी हुई।
ये हमला कराची के गुलिस्तान-ए-जौहर इलाके में स्थित रेंजर्स कार्यालय पर हुआ। इस इलाके में कई विश्वविद्यालय और पाकिस्तान मौसम विभाग का कार्यालय है। आतंकी पहले विस्फोटकों से भरे वाहन को गेट से टकराकर परिसर में घुसे और इसके बाद हैंड ग्रेनेड फेंके। इससे इलाके में कई धमाकों की आवाज सुनाई दी। इसके फौरन बाद आतंकियों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। फिर जवानों ने भी मोर्चा संभाल लिया।
रिपोर्ट के मुताबिक, तुरंत मौके पर रैपिड रिस्पांस फोर्स और पुलिस कमांडो जैसी इकाइयों को भेजा गया। संयुक्त अभियान के दौरान करीब डेढ़ घंटे तक भीषण गोलीबारी हुई, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने 6 आतंकियों को मार गिराया और एक को गिरफ्तार कर लिया। इस मुठभेड़ में 4 जवानों की भी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया, आसपास की सड़कें बंद कर दी गईं और लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई।
हमले की जिम्मेदारी जमात-उल-अहरार ने ली है। यह संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) का एक कट्टरपंथी धड़ा है, जो मुख्य रूप से पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में सक्रिय है। इस हमले को संगठन के खुलफा-ए-राशीदीन इश्तिशादी ब्रिगेड नामक आत्मघाती दस्ते ने अंजाम दिया था। सिंध के पुलिस महानिरीक्षक जावेद आलम ओधो ने बताया कि शुरुआती जांच से पुष्टि हुई है कि आतंकी एक वाहन में सवार होकर आए थे और मुख्य गेट को तोड़कर परिसर में घुसे।
यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव बढ़ रहा है। पाकिस्तान अफगानिस्तान की तालिबान सरकार पर आरोप लगाता रहा है कि वह टीटीपी आतंकियों को पनाह दे रही है, जो पाकिस्तान में घुसकर हमलों को अंजाम देते हैं। इसी वजह से पाकिस्तान की सेना ने हाल के महीनों में कई बार अफगानिस्तान के भीतर टीटीपी के कथित ठिकानों और प्रशिक्षण शिविरों पर हमला किया है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

