वाशिंगटन,28 जून। होर्मुज जलडमरूमध्य में पनामा ध्वज वाले तेल टैंकर किकू पर ईरान द्वारा कथित ड्रोन हमले के बाद अमेरिका ने ईरानी ठिकानों पर हवाई हमलों की दूसरी लहर शुरू की। अमेरिकी सेना ने बताया कि ईरान की निगरानी प्रणालियों और ड्रोन भंडारण सुविधाओं सहित 10 ठिकानों को निशाना बनाया गया है। हालांकि, इसके जवाब में ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए अमेरिका के 8 सैन्य ठिकानों पर हमला बोला है। इससे युद्ध बढऩे का खतर बढ़ गया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर अमेरिका को सैन्य कार्रवाई फिर से शुरू करने के लिए मजबूर होना पड़ा, तो ईरान का अस्तित्व ही खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह बहुत संभव है कि ईरान कभी सबक न सीखे। अमेरिकी केंद्रीय कमान (सेंटकॉम) के अनुसार, बढ़ते तनाव के बावजूद होर्मुज जलडमरूमध्य से वाणिज्यिक जहाजों का आवागमन जारी है और वहां अमेरिकी सेनाएं पूरी तरह सतर्क हैं।
अमेरिका के हमलों के जवाब में ईरान ने धमकी दी है कि खाड़ी क्षेत्र में स्थित अमेरिकी ठिकानों को आने वाले दिनों में नरक का सामना करना पड़ेगा। इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड कोर (आईआरजीसी) के नौसेना कमांडर ने कहा, अमेरिकी कार्रवाई से होर्मुज जलडमरूमध्य पर हमारे नियंत्रण का रहस्य हल नहीं होता, लेकिन उल्लंघन करने वालों पर हमारी गोलीबारी अन्य जहाजों को जलडमरूमध्य से गुजरने के नियमों की याद दिलाती है।
आईआरजीसी ने कहा है कि आईआरजीसी नेवी और वायु सेना ने सुबह 2 से 3 बजे के बीच एक संयुक्त मिसाइल और ड्रोन ऑपरेशन लॉन्च किया। इसमें मध्य-पूर्व में मौजूद अमेरिकी सेना के 8 प्रमुख बुनियादी ढांचे पर बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन दागे गए हैं। आईआरजीसी का कहना है कि उसने कुवैत में अली अल-सलेम एयर बेस और सलमान पोर्ट, बहरीन में नौसैनिक अड्डे को निशाना बनाया है। यह दक्षिणी ईरान पर अमेरिका की हालिया आक्रामकता का निर्णायक जवाब है।
कुवैत की सेना ने पुष्टि की है कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली मिसाइल और ड्रोन हमलों को नाकाम कर रही है। लोगों से शांत रहने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। मध्य पूर्वी देशों में बढ़ते तनाव के चलते सायरन बजाए जा रहे हैं। इसी बीच सेंटकॉम ने एक्स पर ईरान पर किए गए हमलों का 38 सेकंड का वीडियो भी जारी किया है। इससे मध्य-पूर्व में फिर से तनाव बढऩे का खतरा बढ़ गया है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

