लखनऊ, 28 जून (आरएनएस )। राजधानी के चिनहट क्षेत्र में रविवार सुबह फैजाबाद रोड स्थित मटियारी के पास हिमालय कोल्ड स्टोरेज में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही थाना चिनहट पुलिस, अग्निशमन विभाग और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर आग पर सफलतापूर्वक नियंत्रण पा लिया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि या किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।पुलिस के अनुसार रविवार सुबह करीब 6:15 बजे थाना चिनहट को सूचना मिली कि सनी टोयोटा शोरूम के निकट स्थित हिमालय कोल्ड स्टोरेज में आग लग गई है। सूचना मिलते ही थाना चिनहट पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। साथ ही अग्निशमन विभाग को सूचना देकर दमकल की गाडिय़ों को मौके पर बुलाया गया।घटना की गंभीरता को देखते हुए फायर सर्विस की कुल 14 गाडिय़ां और एसडीआरएफ की टीम को मौके पर लगाया गया। संयुक्त अभियान के तहत कई घंटों तक चले अग्निशमन अभियान के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण प्राप्त कर लिया गया। इस दौरान पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कर यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनाए रखी, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।घटनास्थल पर वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी लगातार मौजूद रहे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करते रहे। अधिकारियों के निर्देशन में सभी संबंधित विभागों ने समन्वय के साथ कार्य करते हुए स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में कर लिया। वर्तमान में मौके पर शांति है और कानून-व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।प्राथमिक जानकारी के अनुसार इस घटना में किसी भी व्यक्ति की मृत्यु या घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग से कोल्ड स्टोरेज में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।अग्निकांड के कारणों का पता लगाने के लिए अग्निशमन विभाग और संबंधित विभागों द्वारा विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस भी मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है तथा पूरे घटनाक्रम पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

