लखनऊ 28 जून (आरएनएस )। राजधानी के आशियाना थाना क्षेत्र में एक महिला ने सोशल मीडिया के माध्यम से पहचान बनाने वाले युवक पर अपनी पहचान छिपाकर प्रेम संबंध स्थापित करने, विवाह का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने तथा अन्य गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार पीडि़ता ने अपनी शिकायत में बताया है कि वर्ष 2022 में उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से स्वयं को राहुल बताने वाले एक युवक से हुई थी। आरोप है कि युवक ने स्वयं को हिंदू समुदाय का बताकर उससे प्रेम संबंध स्थापित किए और विवाह का वादा कर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। महिला का आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उसके अश्लील वीडियो भी बना लिए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता रहा।
पीडि़ता के अनुसार जब उसने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपी ने 25 जनवरी 2026 को लखनऊ के पुरानिया स्थित विंध्याचल मंदिर में उससे विवाह कर लिया। इसके बाद दोनों आशियाना क्षेत्र में किराये के मकान में साथ रहने लगे। महिला का आरोप है कि आरोपी लगातार उसे अपने घर ले जाने से बचता रहा। बाद में जब उसने आरोपी के परिजनों से संपर्क किया तो पता चला कि उसका वास्तविक नाम राहुल नहीं बल्कि इरशाद अहमद है और उसने अपनी पहचान छिपाकर उससे संबंध बनाए थे।महिला ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि 27 मई 2026 को जब वह आरोपी के परिजनों से मिलने उनके घर पहुंची तो आरोपी, उसके पिता तथा अन्य परिजनों ने उसके साथ मारपीट की और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके अलावा उसने किराये के कमरे से सोने-चांदी के आभूषण और 15 हजार रुपये नकद गायब होने का भी आरोप लगाया है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी उस पर धर्म परिवर्तन कर निकाह करने का दबाव बना रहा था। साथ ही उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पहले से विवाहित है और उस पर दूसरी पत्नी के रूप में रहने का दबाव बनाया जा रहा था। समाज में बदनाम करने की धमकी देने का आरोप भी तहरीर में लगाया गया है।पुलिस ने बताया कि 28 जून को प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना आशियाना में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन एवं निष्पक्ष विवेचना की जा रही है। आरोपी राहुल उर्फ इरशाद अहमद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

