*विश्वविद्यालय परिसर में किया वृक्षारोपण
मीरजापुर 28 जून (आरएनएस)। निर्माणाधीन मां विंध्यवासिनी राज्य विश्वविद्यालय की रफ्तार को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। मंडलायुक्त विंध्याचल मंडल राजेश प्रकाश और जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने मडि़हान स्थित निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शैक्षणिक और एकेडमिक ब्लॉकों सहित अन्य भवनों के निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कार्य की धीमी प्रगति देखकर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। मौके पर एकेडमिक ब्लॉक, प्रशासनिक भवन और लाइब्रेरी ब्लॉक का काम तय शेड्यूल से पीछे चल रहा है। कई जगहों पर मजदूरों की संख्या कम मिली, जिससे फिनिशिंग कार्य प्रगति कम पाई गई। अधिकारियों ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, सेफ्टी मानकों और ड्रेनेज-विद्युतीकरण की प्रगति की फाइलें मौके पर तलब कीं। पेयजल व्यवस्था पर भी चर्चा की गई। निरीक्षण के बाद मंडलायुक्त ने विश्विद्यालय सभागार में साफ निर्देश दिए कि काम में तेजी लाई जाए, हर ब्लॉक की दैनिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। जिलाधिकारी पवन गंगवार ने कार्यदायी संस्था को चेतावनी दी कि लापरवाही पर ठेकेदारी निरस्त करने की कार्रवाई होगी। मां विंध्यवासिनी राज्य विश्वविद्यालय के तहत मीरजापुर, भदोही और सोनभद्र के 169 महाविद्यालय संबद्ध होंगे। यहां कृषि, निर्यात, जीआई उत्पाद और कौशल विकास से जुड़े पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रम प्रस्तावित हैं, जो विंध्य क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय रोजगार से जोड़ेंगे। कार्यदायी संस्था को श्रमिक संख्या दोगुनी करने और दो शिफ्ट में काम कराने को कहा गया। विद्युत सब-स्टेशन, पानी और पहुंच मार्ग को प्राथमिकता पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।परिसर में 11 हजार वृक्षारोपण के सापेक्ष प्रत्येक रविवार को चलाये जा रहे अभियान के तहत मंडलायुक्त, जिलाधिकारी द्वारा वृक्षारोपणकिया गया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मडि़हान अनेग सिंह, तहसीलदार आशीष पांडे, जिला सूचना अधिकारी ओम प्रकाश उपाध्याय, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग जनार्दन यादव, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग निर्माण व अधिशासी अभियंता जल निगम सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

