०विधायक लता उसेंडी ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर किया अभियान का शुभारंभ
कोण्डागांव,28 जून (आरएनएस)। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत रविवार को कोण्डागांव जिले में व्यापक स्तर पर पोलियो टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिपावंड में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी ने 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियोरोधी दवा की दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।इस अवसर पर विधायक लता उसेंडी ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक अभिभावक का दायित्व है कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा की दो बूंद अवश्य पिलाएं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने तथा कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी ने बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 76,188 बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के प्रथम दिवस जिले के विभिन्न पोलियो बूथों पर 70,145 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई।उन्होंने बताया कि अभियान के अगले चरण में 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी, जो किसी कारणवश पहले दिन बूथ तक नहीं पहुंच सके। अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियोरोधी दवा पहुंचाकर पोलियो मुक्त समाज के लक्ष्य को साकार करना है।कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. प्रतीक चौधरी, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरेंद्र बघेल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

