सारंगढ़ बिलाईगढ़ 28 जून (आरएनएस) जंगल की खामोशी उस वक्त टूट गई जब कोतवाली पुलिस ने ताश पर लाखों के दांव लगाने वाली जुआ महफिल पर दबिश देकर चार जुआरियों को धर दबोचा। कार्रवाई में नगदी, सात मोबाइल और महिंद्रा थार समेत 27.49 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने 27 जून 2026 को ग्राम अमलीडीपा के भकुर्रा मोड़ जंगल के पास संचालित जुआ फड़ का भंडाफोड़ किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना पर दबिश दी, जहां चार लोग ताश के पत्तों पर नगदी का दांव लगाकर जुआ खेलते मिले।
गिरफ्तार आरोपियों में ओमप्रकाश चंद्रा उर्फ पोचु पिता नेगीलाल, निवासी ग्राम देवसागर, थाना भटगांव, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़; कृतराम चंद्रा पिता देवलाल चंद्रा, निवासी ग्राम सलोनीकला, थाना भटगांव, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़; रामशरण सिंह राजपूत पिता स्वर्गीय लाखन सिंह, निवासी भटगांव, थाना भटगांव, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ तथा भगवान प्रसाद जायसवाल पिता पतितराम, निवासी ग्राम देवसागर, थाना भटगांव, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ शामिल हैं।
मौके से पुलिस ने 1 लाख 66 हजार 540 रुपये नकद, 7 मोबाइल फोन (कीमत 3 लाख 83 हजार रुपये), एक महिंद्रा थार (कीमत 22 लाख रुपये) तथा 52 पत्ती ताश जब्त किए। जब्त मशरूका की कुल कीमत 27 लाख 49 हजार 540 रुपये आंकी गई है।
चारों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव के साथ पीएसआई विवेक चौहान, प्रधान आरक्षक अर्जुन पटेल तथा आरक्षक विमल जांगड़े, मिनिकेतन पटेल, दिनेश चौहान, संजय भारद्वाज और गौरी की सराहनीय भूमिका रही।
बहरहाल, जंगल की आड़ लेकर लाखों का जुआ खेलने वालों तक भी पुलिस की पहुंच साबित हो चुकी है। यह कार्रवाई साफ संकेत है कि जिले में अवैध जुए के खिलाफ अभियान लगातार और सख्ती से जारी रहेगा।




