०ग्राम रनभांठा में लगातार पांच स्थानों पर दबिश, आबकारी एक्ट के तहत दर्ज हुए अलग-अलग प्रकरण
रायगढ,28 जून (आरएनएस)़। जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुसौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम रनभांठा में पांच स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 35 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 27 जून को ग्राम रनभांठा में अवैध महुआ शराब बिक्री की सूचना पर लगातार पांच स्थानों पर दबिश दी।
पहली कार्रवाई में खीर प्रसाद खुंटे (34) के कब्जे से 7 लीटर, दूसरी कार्रवाई में कार्तिक राम जांगड़े (54) से 6 लीटर, तीसरी कार्रवाई में जय कुमार अनंत (27) से 7 लीटर, चौथी कार्रवाई में लम्बोदर सिदार (26) से 8 लीटर तथा पांचवीं कार्रवाई में घासीदास अनंत (22) से 6 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। पूछताछ में सभी आरोपियों ने अवैध बिक्री के लिए शराब रखना स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने शराब जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस ने कुल 35 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 7 हजार रुपये बताई गई है, जब्त कर सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना पुसौर में अलग-अलग अपराध दर्ज किए हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस, उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या बंजारे सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

