जगदलपुर, 28 जून (आरएनएस)। बस्तर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगरनार थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए हरियाणा के दो आरोपियों को 31.880 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 14.94 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर हरियाणा ले जाने की फिराक में थे। मुखबिर की सूचना पर नगरनार थाना क्षेत्र के धनपुंजी आरटीओ नाका, एनएच-63 के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोचा गया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से सेना की कैमोफ्लाज रंग के दो बैगों में रखे 31.880 किलोग्राम गांजा (6 पैकेट), एक मोबाइल फोन और 490 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने सभी सामान जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरिओम पांचाल (34 वर्ष) और संदीप पांचाल (37 वर्ष), निवासी जिला जींद (हरियाणा) के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना नगरनार में अपराध क्रमांक 93/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख)(द्बद्ब)(ग) के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने की। कार्रवाई में प्रशिक्षु उपनिरीक्षक दीपक कुमार सिंह, महेंद्र सिंह ठाकुर सहित थाना नगरनार के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने कहा है कि ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा से होने वाली गांजा तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
0

