दुर्ग, 28 जून (आरएनएस)। रेलवे विभाग द्वारा सिरसा गेट अंडर ब्रिज में मरम्मत एवं सुधार कार्य कराए जाने के कारण यह मार्ग 1 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए दुर्ग यातायात पुलिस ने अंडर ब्रिज और आसपास के मार्गों का निरीक्षण कर वैकल्पिक रूट निर्धारित किए हैं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्य के समय अंडर ब्रिज के दोनों ओर बैरिकेडिंग, ट्रैफिक स्टॉपर और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस ने कहा कि मरम्मत अवधि में अंडर ब्रिज से वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
छोटे वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग के रूप में चरोदा एच केबिन से जी केबिन अंडर ब्रिज होकर सिरसा कला, रॉयल खालसा तिराहा–देवभोग–उरला अंडर ब्रिज–देवबलौदा मार्ग तथा कुम्हारी बीएमसी मिल से ग्राम कुगदा अंडर ब्रिज मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
भारी वाहनों को कुम्हारी–कांजी हाउस–मोतीपुर–आवरी ग्राम होते हुए सिरसा कला मार्ग से आवागमन करने की सलाह दी गई है।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित अवधि के दौरान केवल वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें, यातायात संकेतकों एवं पुलिस अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

