सरगुजा, 28 जून (आरएनएस)। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में पति की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चरित्र शंका को लेकर हुए विवाद से नाराज होकर महिला ने अपने पति पर ईंट, पत्थर और लकड़ी के फाड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, कदनई लोटाभावना गांव निवासी नेतराम मझवार 26 जून की रात शराब पीकर घर लौटा था। इसी दौरान उसका पत्नी मानकुंवर से चरित्र शंका को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में आकर मानकुंवर ने ईंट, पत्थर और लकड़ी के फाड़े से पति के सिर, चेहरे, कंधे और पीठ पर गंभीर वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मृतक के बेटे सरोता मझवार ने पुलिस को दी। घायल नेतराम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में मर्ग जांच और साक्ष्य जुटाने के बाद थाना बतौली में अपराध क्रमांक 75/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में हत्या का मामला दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी मानकुंवर (40 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ईंट, पत्थर, लकड़ी का फाड़ा तथा घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

