जशपुर,28 जून (आरएनएस)। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात की संस्कृति विकसित करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस ने जिलेभर में विशेष सड़क सुरक्षा जनजागरूकता अभियान चलाया। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि अब तक केवल समझाइश दी जा रही थी, लेकिन जल्द ही बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष चालानी अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में रविवार को जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों को रोककर यातायात नियमों की जानकारी दी गई। इसके बाद उन्हें करीब एक घंटे तक सड़क सुरक्षा पर आधारित जागरूकता फिल्म दिखाई गई, जिसमें तेज रफ्तार, नशे में वाहन चलाने और हेलमेट नहीं पहनने के गंभीर परिणामों को दर्शाया गया।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को ‘सड़क सुरक्षा के सात वचनÓ की शपथ भी दिलाई गई। इसमें हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करने तथा सभी यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया गया।
पुलिस के अनुसार, पिछले कई दिनों से जिले में जनचौपाल, बाइक रैली, वीडियो संदेश, स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों का जीवन बचाना है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि फिलहाल पुलिस लोगों को जागरूक कर रही है, लेकिन आने वाले दिनों में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर वैधानिक और चालानी कार्रवाई की जाएगी।
जशपुर पुलिस की अपील
पुलिस ने नगरिकों से दोपहिया वाहन चलाते समय आईएसआई मानक का हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की है।
पुलिस का संदेश है, चालान का पैसा दोबारा कमाया जा सकता है, लेकिन दुर्घटना में खोया हुआ जीवन कभी वापस नहीं आता। हेलमेट आपकी पहचान नहीं, आपकी सुरक्षा है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

