दुर्ग, 28 जून (आरएनएस)। दुर्ग जिले के सुपेला थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को भयभीत करने वाले एक युवक को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार हथियार बरामद कर आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन रोड स्थित गौठान के सामने, कोसानगर क्षेत्र में एक युवक हाथ में धारदार हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राकेश सोना (27 वर्ष) निवासी अटल आवास, कोसानगर, थाना सुपेला, जिला दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार हथियार बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 916/2026 के तहत आम्र्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अम्बर भारद्वाज, प्रधान आरक्षक प्रकाश चंद्र तिवारी, आरक्षक आशीष साहू एवं प्रदीप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
0

