कांकेर, 28 जून (आरएनएस)। उत्तर बस्तर कांकेर जिले की चौकी हल्बा पुलिस ने नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। आरोपी पर नाबालिग को प्रेमजाल में फंसाकर लंबे समय तक दुष्कर्म करने का आरोप है, जिससे पीडि़ता गर्भवती हो गई।
पुलिस के अनुसार, 27 जून को पीडि़ता की मां ने चौकी हल्बा में शिकायत दर्ज कराई कि ग्राम चारभाठा निवासी 21 वर्षीय हेमंत कुमार विश्वकर्मा ने सितंबर 2025 से उसकी नाबालिग बेटी को प्रेमजाल में फंसाकर कई बार दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने आरोपी को बालोद जिले के ग्राम चारभाठा से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पीडि़ता का दूर का रिश्तेदार है और इसी परिचय का फायदा उठाकर उसने पहली बार पीडि़ता के नाना-नानी के घर में दुष्कर्म किया था। इसके बाद उसने कई बार पीडि़ता का यौन शोषण किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 64(1), 64(2)(ड), 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक कोमल भूषण पटेल, उपनिरीक्षक चेतन साहू सहित चौकी हल्बा और थाना नरहरपुर की पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस अथवा अपराध हेल्पलाइन 94791-55125 पर दें। सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
0

