कोरबा 29 जून (आरएनएस)। हसदेव ताप विद्युत उत्पादन कंपनी दर्री में कार्यरत एक केमिस्ट महिला कर्मचारी ने अपने उच्च अधिकारी के ऊपर गंभीर आरोप लगाए हैं। कार्यस्थल पर छुट्टी स्वीकृत नहीं किए जाने तथा मानसिक रूप से प्रताडित किए जाने की शिकायत लेकर पहुंची उक्त मामले में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग ने गंभीरता दिखाई है।
आयोग ने मामले की जांच कर उचित कार्यवाही करने के लिए संबंधित विभाग के मुख्य अभियंता सहित सहायक अभियंता को निर्देशित किया है। महिला कर्मचारी ने आयोग के समक्ष प्रस्तुत शिकायत में आरोप लगाया कि उसे आवश्यक अवकाश लेने में लगातार परेशान किया जा रहा है तथा कार्यालय में प्रतिकूल माहौल बनाकर मानसिक दबाव डाला जा रहा है। शिकायतकर्ता महिला ने इसे कार्यस्थल पर उत्पीडन की श्रेणी में बताते हुए न्याय की मांग की। मामले की सुनवाई के दौरान महिला आयोग के अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने शिकायत के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया। आयोग ने प्रथम दृष्टया मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित विभाग के मुख्य अभियंता हेमंत सिंह को पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा निर्धारित समयावधि में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
महिला आयोग ने स्पष्ट किया कि कार्यस्थल पर महिला कर्मचारियों के अधिकारों का संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि जांच में शिकायत सही पाई जाती है तो दोषी अधिकारियों या कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। आयोग ने कहा कि महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और भेदभाव रहित कार्य वातावरण उपलब्ध कराना प्रत्येक संस्थान की जिम्मेदारी है तथा किसी भी प्रकार की प्रताडना या अनावश्यक दबाव को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
०००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

