0 सुरक्षा मानकों में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
राजनांदगांव, 29 जून (आरएनएस)। राजनांदगांव, 29 जून 2026। विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए राजनांदगांव पुलिस ने सोमवार को शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का सघन निरीक्षण किया। अभियान के दौरान लगभग 12 कोचिंग संस्थानों की जांच कर संचालकों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान में थाना कोतवाली, बसंतपुर और चिखली क्षेत्र के कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम ने अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और उनकी कार्यशील स्थिति, आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट), आपातकालीन खिड़कियां, विद्युत वायरिंग, विद्युत सुरक्षा उपकरण, सीढिय़ां तथा निकासी मार्गों सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया।
पुलिस अधिकारियों ने सभी कोचिंग संचालकों को निर्देशित किया कि वे अपने संस्थानों में पर्याप्त संख्या में कार्यशील फायर एक्सटिंग्विशर उपलब्ध रखें, स्पष्ट निकासी मार्ग सुनिश्चित करें तथा आपातकालीन स्थिति में विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकालने की समुचित व्यवस्था बनाए रखें। साथ ही चेतावनी दी गई कि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक उपेंद्र शाह, थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक एमन साहू सहित दोनों थानों एवं पुलिस लाइन के लगभग 25 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों ने सहभागिता की।
राजनांदगांव पुलिस ने कहा है कि विद्यार्थियों और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
0

