रायपुर,29 जून (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के माना क्षेत्र स्थित ग्राम नकटी में लंबे समय से चल रहे विवाद के बाद प्रशासन ने बेदखली की कार्रवाई शुरू कर दी है। आधी रात से ही जेसीबी मशीनों और भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ अवैध निर्माणों को हटाने का अभियान चलाया गया।जानकारी के अनुसार, गांव के वार्ड क्रमांक 16 और 17 में करीब 48 मकान ऐसे पाए गए हैं जिन्हें सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाया गया था। इन्हें हटाने के लिए राजस्व विभाग द्वारा पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके थे। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के तहत की जा रही है।कार्रवाई के दौरान इलाके में लगभग एक हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल देखने को मिला। दूसरी ओर ग्रामीणों ने इस कार्रवाई का
विरोध करते हुए कहा कि वे कई वर्षों से इस जमीन पर रह रहे हैं और इनमें से कई परिवारों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाए हैं।इसी बीच जिला प्रशासन ने प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार लगभग 75 परिवारों को नया रायपुर के सेक्टर-30 स्थित ईडब्ल्यूएस आवासों में अस्थायी और स्थायी रूप से बसाने की व्यवस्था की जा रही है और आवंटन प्रक्रिया जारी है।प्रशासन का कहना है कि पूरी कार्रवाई कानून के तहत की जा रही है, जबकि ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें बिना उचित विकल्प दिए बेघर किया जा रहा है। मामले को लेकर गांव में स्थिति अभी भी तनावपूर्ण बनी हुई है।
०००


