सम्मेलन में 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के ग्रामीण विकास मंत्री पहली बार एक साथ, एक मंच पर जुटे
केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान बोले- गाँव केवल लाभार्थी नहीं, विकास के वाहक हैं
विकसित भारत का रास्ता विकसित गाँवों से होकर जाता है- श्री शिवराज सिंह चौहान
1 जुलाई से ‘विकसित भारत जी राम जी’ योजना पूरे देश में लागू- श्री शिवराज सिंह चौहान
राज्यों का समय पर फंड और खाली पद भरना विकास की कुंजी- श्री शिवराज सिंह चौहान
AI और टेक्नोलॉजी से पारदर्शिता और बेहतर डिलीवरी सुनिश्चित करें सभी राज्य- केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री
New Delhi 29 June (Rns) /- नई दिल्ली के पूसा परिसर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय ग्रामीण विकास सम्मेलन “ग्रामोदय से राष्ट्रोदय” के दूसरे दिन केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने देशभर से आए 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के ग्रामीण विकास मंत्रियों के साथ व्यापक मंथन किया। सम्मेलन में न केवल योजनाओं की समीक्षा हुई, बल्कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में “विकसित ग्राम–विकसित भारत” के विजन को जमीन पर उतारने के लिए ठोस रणनीतियाँ भी सामने आईं। इस अवसर पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गाँव केवल धूल-मिट्टी या चौपाल का नाम नहीं, गाँव भारत की शक्ति, भारत की चेतना और भारत की आत्मा हैं। उन्होंने कहा कि अगर हमें समृद्ध और विकसित भारत बनाना है तो गाँव को समृद्ध और विकसित बनाए बिना काम नहीं चलेगा, गाँव की प्रगति के बिना देश की प्रगति संभव नहीं है।
29 राज्य-केंद्र शासित प्रदेश के मंत्रियों का ऐतिहासिक जुटान
पहली बार एक मंच पर देश के 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के ग्रामीण विकास मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और नीति-निर्माता एक साथ जुटे। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य और छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा सहित राज्यों के ग्रामीण विकास मंत्रियों और अन्य वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भाग लिया। यह सहकारी संघवाद का जीवंत उदाहरण रहा, जहाँ राजनीतिक भिन्नताओं से ऊपर उठकर विकास पर फोकस किया गया।
विकसित भारत के लिए विकसित गाँव का विजन
केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने स्पष्ट कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब गाँव आत्मनिर्भर, रोजगारयुक्त और बुनियादी सुविधाओं से संपन्न बनेंगे। उन्होंने गाँव को “भारत की आत्मा, शक्ति और चेतना” बताते हुए कहा कि ग्रामीण विकास ही राष्ट्रीय विकास की धुरी है।
1 जुलाई से नई रोजगार योजना लागू
केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने घोषणा की कि 1 जुलाई से “विकसित भारत- जी राम जी” योजना देशभर में लागू होगी जो मनरेगा की जगह लेगी। इसके लिए ₹95,682 करोड़ की अंतरिम स्वीकृति दी जा चुकी है। उन्होंने राज्यों से अपील की कि वे समय पर अपनी औपचारिकताएँ पूरी करें ताकि योजना का सुचारू क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
लखपति दीदी मिशन को नई गति
सम्मेलन में “लखपति दीदी डैशबोर्ड” लॉन्च किया गया और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए “SHE LEAPS” डिजिटल प्लेटफॉर्म का शुभारंभ करते हुए श्री शिवराज सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा 3 करोड़ से बढ़ाकर 6 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है जिसके लिए अगले 5 वर्षों में ₹10 लाख करोड़ का बैंक लिंकिंग रोडमैप तैयार किया गया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना, ग्रामीण सड़क योजना और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह ने कहा कि कई राज्यों ने उत्कृष्ट कार्य किया है जबकि कुछ को सुधार की जरूरत है। उन्होंने भूमिहीन लाभार्थियों को जमीन उपलब्ध कराने और लंबित आवासों के शीघ्र समाधान पर विशेष जोर दिया

