देवरिया में सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग सुधारें, लापरवाही पर होगी कार्रवाई : मधुसूदन हुल्गी
देवरिया, 29 जून।उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सीएम डैशबोर्ड से जुड़े विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं की प्रगति समीक्षा की। उन्होंने ऐसे सभी विभागों को आगाह करते हुए निर्देशित किया कि जिनकी श्रेणी सी एवं डी है, वे विशेष कार्ययोजना बनाकर अपने कार्यों की प्रगति में सुधार लाएं तथा हर हाल में अपनी श्रेणी को ए अथवा बी में लाएं। अन्यथा संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को बिना अनुमति मुख्यालय न छोडऩे के भी निर्देश दिए। उन्होंने आईजीआरएस प्रकरणों के निस्तारण की भी समीक्षा की। जिन विभागों की प्रगति अपेक्षित नहीं पाई गई, उन्हें कड़ी चेतावनी देते हुए प्राविधानों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण आख्या दर्ज करने तथा शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी वीके सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राम शंकर, जिला विकास अधिकारी एस के सिंह, डीएसटीओ, परियोजना निदेशक अनिल कुमार, सहित सीएम डैशबोर्ड से संबंधित सभी विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

