संचारी रोग नियंत्रण अभियान को जनभागीदारी से बनाएं सफल
जलभराव खत्म करें, एंटी-लार्वा छिड़काव व जनजागरूकता पर दें विशेष जोर : जिलाधिकारी
देवरिया, 29 जून। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में माह जुलाई में प्रारंभ होने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के सफल क्रियान्वयन तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं को पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत सभी आवश्यक गतिविधियों एवं रोग नियंत्रण के एहतियाती उपायों को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। साथ ही जनजागरूकता पर विशेष बल देते हुए कहा कि रोगों की रोकथाम से संबंधित सभी उपायों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, सूअर बाड़ों को आबादी से दूर रखने एवं मुर्गी फार्म में साफ सफाई सुनिश्चित कराने, जलभराव समाप्त करने तथा स्वच्छ पेयजल के उपयोग को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नालियों एवं जलभराव वाले स्थानों पर एंटी-लार्वा का नियमित छिड़काव कराने पर भी बल दिया।
आईसीडीएस विभाग को कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें पोषण सेवाओं से जोडऩे तथा हाई-रिस्क क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिए।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को वीएचएसएनडी (ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस) सत्रों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि ‘थ्री-एÓ (आशा, आंगनबाड़ी एवं एएनएम) अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य करें। उन्होंने सत्रों की नियमित निगरानी, कर्मियों की उपस्थिति की जांच तथा कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई एवं आवश्यकतानुसार वेतन रोकने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समितियों की सघन समीक्षा कर उनमें सुधार लाने तथा निजी स्थानों पर संचालित सत्रों को खंड विकास अधिकारियों के समन्वय से सरकारी भवनों में संचालित कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी सत्र स्थलों पर आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, शत-प्रतिशत डिलीवरी रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा किसी भी प्रकार की मिसिंग डिलीवरी न होने देने पर विशेष बल दिया।
जिलाधिकारी ने क्षय रोग (टीबी) नियंत्रण अभियान को भी पूरी गंभीरता एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का संचालन 1 जुलाई से 31 जुलाई तक किया जाएगा। इसके लिए सभी संबंधित विभाग अपने निर्धारित दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए अभियान को सफल बनाएंगे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

