अजमेर,29 जून(आरएनएस)। कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की अजमेर जेल में हत्या की खबर है। इस मामले के सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। एसपी हर्षवर्धन अग्रवाल ने घटना की पुष्टि की है।
कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जेल परिसर में उसका शव मिला है।
जगन गुर्जर का नाम राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के डांग और चंबल क्षेत्र में दशकों तक दहशत का पर्याय रहा। उस पर हत्या के प्रयास, लूट, फिरौती, अपहरण, नकबजनी और डकैती जैसे गंभीर अपराधों से जुड़े 100 से ज्यादा मामले दर्ज बताए जाते हैं।
इससे पहले सिंतबर 2025 में टोंक जिले से एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो ने जेल व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। दरअसल इस वीडियो में मर्डर और पुलिस पर फायरिंग करने वाले 2 कैदी हाथ में हथियार लिए नजर आए थे और सिगरेट, गुटखा भी दिखाया था। कैदी वीडियो के अंदर फोन पर बातें भी कर रहे थे।
वीडियो में दिखने वाला कैदी किसी से फोन में कह रहा था कि आशीर्वाद है आपका, कोई दिक्कत नहीं है। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस महकमे पर सवाल उठे थे और हड़कंप मच गया था। आनन-फानन में मामले की जांच के आदेश दिए गए थे।
बता दें कि देशभर से तमाम मौकों पर जेल के अंदर के फोटो और वीडियो सामने आते रहे हैं, जिसमें कैदी उन सुविधाओं का लाभ लेते हुए दिख चुके हैं, जो लोग अपने घरों में लेते हैं। ऐसे मामले पुलिस और प्रशासन के लिए सवाल बनते रहे हैं और समय-समय पर कार्रवाई भी हुई है। हालांकि अभी भी पूरी तरह ये नहीं कहा जा सकता है कि जेलों में कैदियों को एक्सट्रा बेनिफिट नहीं मिल रहे हैं। जांच होने पर दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
जेलों के अंदर हिंसा भी इसी तरह के मामले हैं, जो समय-समय पर सामने आते रहते हैं।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

