जांजगीर-चांपा, 30 जून (आरएनएस)। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस की पहल पर निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। उरगा–बलौदा और पंतोरा–बिलासपुर के बीच निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया गया है, ताकि निर्माण कार्य सुरक्षित और सुचारु रूप से पूरा हो सके।
यह निर्णय पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में किए गए प्रयासों के बाद लिया गया। यातायात पुलिस ने पहले ही भारतमाला परियोजना के परियोजना निदेशक, कोरबा को पत्र लिखकर निर्माणाधीन मार्ग पर छोटे और बड़े सभी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की मांग की थी। पुलिस ने निर्माण कार्य के दौरान मार्ग पर यातायात को अत्यंत जोखिमपूर्ण बताते हुए संभावित दुर्घटनाओं पर चिंता जताई थी।
पुलिस के पत्राचार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए परियोजना निदेशक ने उरगा–बिलासपुर भारतमाला मार्ग को पूर्ण रूप से बंद करने के निर्देश जारी किए। इससे निर्माण कार्य में बाधा नहीं आएगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग का किसी भी स्थिति में उपयोग न करें और निर्माण कार्य पूरा होने तक केवल वैकल्पिक एवं सुरक्षित मार्गों का ही इस्तेमाल करें।
पुलिस ने बताया कि वर्तमान में निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, लाइट, सीसीटीवी सर्विलांस और अन्य सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में इस मार्ग का उपयोग करना जोखिमपूर्ण हो सकता है। पुलिस ने सभी से यातायात नियमों का पालन कर अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

