कोलकाता 30 june (Rns): पश्चिम बंगाल के हल्दिया स्थित रिफाइनरी में मंगलवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 4:00 से 4:30 बजे के बीच नैफ्था ले जाने वाली पाइपलाइन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे रिफाइनरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही रिफाइनरी प्रबंधन, स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को तत्काल हल्दिया सब-डिविजनल अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में कम से कम 15 कर्मचारी झुलस गए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दमकल की कई गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
क्या होता है नैफ्था?
नैफ्था कच्चे तेल के शोधन (रिफाइनिंग) के दौरान प्राप्त होने वाला अत्यधिक वाष्पशील और ज्वलनशील हाइड्रोकार्बन तरल है। कच्चे तेल को गर्म करने पर पेट्रोल से पहले नैफ्था अलग होता है। यह कुल कच्चे तेल का लगभग 15 से 30 प्रतिशत हिस्सा होता है।
नैफ्था का उपयोग मुख्य रूप से पेट्रोकेमिकल उद्योग में प्लास्टिक, सिंथेटिक रबर और अन्य रसायनों के निर्माण के लिए कच्चे माल के रूप में किया जाता है। इसके अलावा पेट्रोल की गुणवत्ता सुधारने, पेंट, वार्निश, पॉलिश तथा ड्राई क्लीनिंग जैसे कार्यों में भी इसका व्यापक इस्तेमाल होता है।

