रायगढ, 30 जून (आरएनएस)। रायगढ़ जिले की पूंजीपथरा पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई बजाज पल्सर मोटरसाइकिल बरामद करने के साथ ही चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई दूसरी पल्सर बाइक भी जब्त की है। जब्त दोनों मोटरसाइकिलों की कुल कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पूंजीपथरा निवासी आशीष कुमार बान्डेकर ने 27 जून को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने 26 जून की रात अपनी नई बजाज पल्सर 125 (ष्टत्र-13-क्चष्ठ-2757) घर की परछी में खड़ी की थी, जो सुबह गायब मिली। शिकायत पर थाना पूंजीपथरा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम महुआ चौक, तुमीडीह के पास संदिग्ध हालत में घूम रहे एक युवक को पकड़कर पूछताछ के लिए थाने लाई। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम राम सिदार (30), निवासी ग्राम चिराईपानी, थाना पूंजीपथरा बताया और बाइक चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह चोरी करने के इरादे से अपनी पल्सर बाइक (ष्टत्र-13-्रङ्घ-7026) से पूंजीपथरा आया था, लेकिन रास्ते में पेट्रोल खत्म होने पर उसने अपनी बाइक रायगढ़ आयरन प्लांट के पास झाडिय़ों में छिपा दी। इसके बाद वह बस्ती में पहुंचा और एक घर की परछी में खड़ी बजाज पल्सर चोरी कर अपने घर ले जाकर छिपा दी।
आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने उसके घर से चोरी की गई बजाज पल्सर बरामद कर ली, जबकि चोरी में इस्तेमाल की गई उसकी पल्सर बाइक भी झाडिय़ों से जब्त कर ली। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रधान आरक्षक राजकुमार पैंकरा तथा आरक्षक विक्रम कुजूर, नरेंद्र पैंकरा, विक्रांत भगत, हेम सागर पटेल और कीर्तन यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि वाहन चोरी जैसे संपत्ति संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर लॉक करके रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

