झुंझुनुं,30 जून(आरएनएस)।। राजस्थान के झुंझुनूं में मंगलवार को बड़ा हादसा टल गया। यहां के सिंघाना क्षेत्र में बच्चों से भरी एक स्कूल वैन में अचानक आग लग गई। हालांकि, समय रहते बच्चों को निकाल लिया गया। घटना के समय सिंघाना के एक निजी प्लेस्कूल की वैन कॉपर से सिंघाना जा रही थी, तभी कंचनिया की ढाणी के पास वैन में आग लग गई। खेतड़ी और हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड की दमकल की गाडिय़ों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, चालक ने वैन में चिंगारी उठते देखा था, जिसके तुरंत बाद बच्चों को बाहर निकाला और दूर खड़ा हो गया। वैन में 10 बच्चे सवार थे। थोड़ी देर में आग ने वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और धूं-धूं कर जलने लगी। चालक की तत्परता और सूझबूझ के चलते बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चला है। वैन पूरी तरह जलकर खाक हो गई है।
पुलिस ने आशंका जताई है कि वैन में आग शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी के कारण लगी हो सकती है। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और वैन चालकों की लापरवाही सामने आई है। बता दें कि यह घटना जयपुर में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने के बाद हुई है, जिसमें 3 लोगों की जान चली गई थी। घटना 9 जून को खो नागरियान इलाके में घर के अंदर चल रही पटाखा फैक्ट्री में लगी थी।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

