अंबाला,30 जून(आरएनएस)। हरियाणा के अंबाला जिले में मंगलवार को एक 4 साल का बच्चा खुले बोरवेल में गिर गया, जिसकी गहराई 220 फीट बताई जा रही है। घटना सुबह साढ़े 6 बजे बरारा के धनाउरा गांव में घटी है। बच्चे का नाम निर्भय है, जो अपने पिता के साथ खेतों में जाते समय बोरवेल में गिर गया। बोरवेल 9 इंच चौड़ा संकरा बताया जा रहा है। उसे बचाने के लिए विभिन्न एजेंसियों ने बड़ा अभियान शुरू किया है।
पुलिस ने बताया कि बच्चा अपने पिता मनजीत के साथ दादा करनैल सिंह को नाश्ता देने जा रहा था। जब उसके पिता और दादा खेत में काम कर रहे थे, तभी निर्भय पास में खेलने लगा। बताया जा रहा है कि बच्चे ने बोरवेल को खुला देखकर उसमें मिट्टी डालना शुरू कर दिया। हालांकि, बोरवेल के आसपास की जमीन गीली और फिसलन भरी थी। जैसे ही बच्चा अंदर देखने को झुका, उसका संतुलन बिगड़ गया और बोरले में गिर गया।
अचानक बच्चे के गिरने से पिता और दादा का ध्यान टूटा। वे जैसे ही बोरवेल के पास पहुंचे, उन्हें निर्भय नहीं दिखा और वे बार-बार नाम पुकारने लगे। उन्होंने तुरंत ग्रामीणों को आवाज दी और बच्चे को बाहर निकालने का प्रयास किया। बोरवेल संकरा होने के कारण उनके प्रयास विफल रहे। पुलिस ने बताया कि स्थानीय बचाव अभियान सफल न होने पर उनको साढ़े 7 बजे कॉल किया गया था। उन्होंने विभिन्न एजेंसियों को मौके पर बुलाया।
अभी मौके पर राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल , राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल और जिला प्रशासन की टीमें विशेष बचाव उपकरणों के साथ बच्चे को बाहर निकालने के लिए जुटी हैं। बच्चा करीब 9 घंटे से बोरवेल के अंदर फंसा हुआ है। उसे सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय प्रशासन ने भारतीय सेना से भी मदद मांगी है, जो मौके पर हैं। अधिकारियों का कहना है कि बोरवेल संकरा होने से समस्या हो रही है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

