भीलवाड़ा,30 जून(आरएनएस)। राजस्थान के भीलवाड़ा में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक चोर ने अपनी पहचान छिपाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुखौटा पहनकर मोबाइल शोरूम पर हाथ साफ कर दिया। चोरी को रविवार रात करेड़ा कस्बे के मुख्य बस स्टैंड पर स्थित मातेश्वरी मोबाइल जोन में अंजाम दिया गया है। शोरूम से 40 से अधिक महंगे स्मार्टफोन गायब हैं। चोरी की सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आने पर ‘मुखौटा चोर’ का खुलासा हुआ है।
शोरूम के मालिक लक्ष्मण सेन सोमवार सुबह जब दुकान पहुंचे तो उन्हें महंगे स्मार्टफोन्स के खाली डिब्बे और अन्य एसेसरीज फर्श पर बिखरी मिली। इनके शोरूम पर चोरी छत के रास्ते से हुई थी। चोरी हुए फोन की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा चोर इलाके में ही किसी दूसरी दुकान का बताया जा रहा है। वह चेहरे पर मुखौटा लगाए एक बड़े से उपकरण से दुकान का दरवाजा तोड़ रहा है।
करेड़ा कस्बे के व्यापारियों ने पुलिस को बताया है कि चोरों ने एक रात में केवल सेन की दुकान में ही नहीं बल्कि बीज गोदाम चौराहा स्थित सांवरिया मोबाइल की दुकान में भी चोरी की है। व्यापारियों का कहना है कि जो सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल है, वो सांवरिया मोबाइल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की है। पुलिस ने अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। अभी कोई जानकारी नहीं मिली है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

