आजमगढ़ 30 जून(आर एन एस)गंभीरपुर थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में वांछित अभियुक्त सोनू उर्फ साहिल पुत्र आनंद कुमार, निवासी महंगूपुर को मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे रोहूआ मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, 24 जून 2026 को गंभीरपुर थाना क्षेत्र की एक युवती ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अभियुक्त ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती का यह भी आरोप है कि शादी की बात करने पर अभियुक्त ने गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी तथा गर्भपात कराने का प्रयास किया। पीडि़ता की तहरीर के आधार पर गंभीरपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।मंगलवार को थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अरविंद कुमार यादव पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित अभियुक्त रोहूआ मोड़ के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।गौरतलब है कि थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी द्वारा गंभीरपुर थाने का कार्यभार संभालने के बाद से अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। विभिन्न मामलों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए थाना पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में इस मामले में भी त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

