आजमगढ़ 30 जून(आर एन एस)जनपद के पवई थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक से कार टकरा जाने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।पुलिस के अनुसार, बिहार के छपरा निवासी अमरेंद्र सिंह अपने चालक महिपाल सिंह (36), निवासी अजमेर (राजस्थान), के साथ टाटा हैरियर कार से बिहार से अजमेर जा रहे थे। मंगलवार दोपहर करीब 1:35 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पिलर संख्या 185.08 के पास दक्षिणी लेन पर उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक महिपाल सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अमरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पवई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।घायल अमरेंद्र सिंह को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है। हादसे के बाद फरार हुए ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

