राजनांदगांव,1 जुलाई(आरएनएस) । घुमका थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी की पहचान राहुल बघेल (21 वर्ष) निवासी छोटे बिरेझर, थाना घुमका के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार पीडि़ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 6 मई 2026 को आरोपी ने उसे अपने घर बुलाया और शादी का झूठा वादा कर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी वह लगातार शादी का आश्वासन देकर पीडि़ता के साथ संबंध बनाता रहा। जब पीडि़ता को आरोपी की मंशा का पता चला तो उसने अपने परिजनों के साथ थाना घुमका पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
महिला संबंधी गंभीर अपराध होने के कारण मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा एसडीओपी डोंगरगांव मंजूलता बाज के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फरार आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद 1 जुलाई 2026 को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय मिश्रा, उपनिरीक्षक कोदूराम नागवंशी, महिला प्रधान आरक्षक किरण इंदौरिया तथा आरक्षक सी.पी. साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

