अयोध्या,01 जुलाई(आरएनएस)। अयोध्या में राम मंदिर चंदा चोरी मामले की जांच कर रही विशेष जांच दल (एसआईटी) को उत्तर प्रदेश सरकार ने 15 दिन की मोहलत दी है। जांच टीम अब 15 जुलाई को अपनी पूरी रिपोर्ट सौंपेगी। मामले में प्रारंभिक रिपोर्ट एक हफ्ते पहले 23 जून को शासन को सौंपी जा चुकी है। टीम को पूरी रिपोर्ट सौंपनी थी, लेकिन सरकार ने गंभीरता और गहराई से जांच करने के लिए 15 दिन का समय और दे दिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चंदा चोरी की घटना सामने आने के बाद एसआईटी का गठन किया था। जांच में अभी तक कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस ने जांच की रिपोर्ट के आधार पर चंदा गिनने के काम में लगे 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, उनसे पूछताछ के बिना ही न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आरोप है कि आरोपियों ने चंदे की रकम को अलग-अलग जगह निवेश किया था। अब इनसे पूछताछ की तैयारी है।
योगी सरकार ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर 13 जून को 3 सदस्यीय एसआईटी गठित की थी। इसमें लखनऊ मंडल के कमिश्नर विजय विश्वास पंत, आईजी रेंज किरन एस और राजस्व विभाग के विशेष सचिव नील रतन शामिल हैं। टीम ने 15 जून को पहली बार अयोध्या पहुंचकर जांच शुरू की थी और मंदिर परिसर में सभी संदिग्धों से पूछताछ की थी। एसआईटी ने 23 जून को प्रारंभिक रिपोर्ट गृह सचिव संजय प्रसाद को सौंपी थी।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

