कोरिया, 02 जुलाई (आरएनएस)। जिले में ग्रामीणों को अधिक रोजगार और बेहतर आय उपलब्ध कराने की दिशा में गुरुवार से विकसित भारत जी रामजी (वीबी जी रामजी) योजना-ग्रामीण का शुभारंभ किया गया। कलेक्टर रोक्तिमा यादव के निर्देशानुसार जिले की 100 से अधिक ग्राम पंचायतों में योजना के तहत रोजगारमूलक कार्य शुरू किए गए, जिससे पंजीकृत श्रमिकों को उनकी मांग के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।
योजना के शुभारंभ अवसर पर सभी कार्यस्थलों पर अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजना के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। वहीं, कई ग्राम पंचायतों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उपस्थित होकर श्रमिकों का उत्साहवर्धन किया।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आंध्र प्रदेश से विकसित भारत जी रामजी योजना-ग्रामीण का औपचारिक शुभारंभ किया। इसके तहत कोरिया जिले में जिला पंचायत के मंथन कक्ष में जिला स्तरीय जन सम्मेलन एवं शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बैकुंठपुर विधायक भईयालाल राजवाड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित राम पैकरा, उपाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण श्रमिक और महिला हितग्राही शामिल हुए।
इसी क्रम में बैकुंठपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत रटगा में योजना के तहत स्वीकृत कंटूर ट्रेंच निर्माण कार्य का लेआउट देकर कार्य का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सौभाग्य खुसरो, कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र सिंह, तकनीकी सहायक, वार्ड पंच, ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक एवं बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे।
प्रशासन का कहना है कि वीबी जी रामजी योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक कार्य दिवस उपलब्ध होंगे, जिससे श्रमिकों को रोजगार और मजदूरी दोनों का दोहरा लाभ मिलेगा। योजना से ग्रामीण अधोसंरचना विकास के साथ-साथ स्थानीय लोगों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

