कांकेर,02 जुलाईं (आरएनएस)। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कांकेर पुलिस ने शासकीय मेडिकल कॉलेज, नंदनमारा में विशेष यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान करीब 200 मेडिकल छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्री माल और योगेश साहू के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, यातायात प्रभारी दीपक साव एवं यातायात पुलिस की टीम ने छात्रों को यातायात नियमों का पालन करने के महत्व से अवगत कराया।कार्यक्रम में सड़क संकेतों (साइन बोर्ड), ट्रैफिक सिग्नल, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीड के खतरे तथा शराब पीकर वाहन चलाने से होने वाले हादसों के बारे में प्रोजेक्टर के माध्यम से
वीडियो दिखाकर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि यातायात नियमों की अनदेखी किस तरह गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनती है।छात्रों को ‘राहवीर योजनाÓ की जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को शासन की ओर से 25 हजार रुपये का प्रोत्साहन दिया जाता है। अधिकारियों ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य लोगों को बिना एंबुलेंस या पुलिस का इंतजार किए घायलों की तत्काल मदद के लिए प्रेरित करना है, ताकि समय पर इलाज मिलने से उनकी जान बचाई जा सके।कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा, अभिव्यक्ति ऐप और साइबर अपराध से बचाव के संबंध में भी जागरूक किया गया। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. टीकम ध्रुव सहित लगभग 200 मेडिकल छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और कार्यक्रम का लाभ उठाया।
०००


