लखनऊ,(आरएनएस ) 2 जुलाई 2026। राजधानी लखनऊ में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने गुरुवार को व्यापक अभियान चलाते हुए दो प्रमुख जोनों में बड़ी कार्रवाई की। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर जोन-03 और जोन-05 में सड़कों, फुटपाथों और सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। अभियान के दौरान 35 से अधिक अस्थायी दुकानें हटाई गईं, कई ठेले, गुमटियां और काउंटर जब्त किए गए तथा अतिक्रमण, गंदगी फैलाने और प्रतिबंधित पॉलीथीन के उपयोग के मामलों में कुल 19,500 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। कार्रवाई के दौरान नगर निगम अधिकारियों के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा।नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने सबसे पहले जोन-03 के अंतर्गत ताड़ीखाना स्थित पल्टन छावनी क्षेत्र में लकड़ी व्यापारियों द्वारा सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। इसके बाद महानगर से साहू एजेंसी तक दोनों ओर की पटरियों पर अभियान चलाकर अवैध कब्जों को हटाया गया। डालीगंज वार्ड स्थित लकड़ी मंडी में भी विशेष कार्रवाई करते हुए विभागीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया।डालीगंज क्रॉसिंग के निकट बबली राजा एवं अन्य लोगों द्वारा विभागीय भूमि पर अस्थायी दुकानें लगाकर किए गए कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए लगभग 20 से 35 अस्थायी दुकानें हटाई गईं। गमलों के माध्यम से किए गए अतिक्रमण को भी हटाया गया। इस दौरान संबंधित अतिक्रमणकारियों से 2,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। नगर निगम ने भविष्य में दोबारा अतिक्रमण रोकने के लिए स्थानीय पुलिस को भी आवश्यक कार्रवाई करने के लिए पत्र भेज दिया है।दूसरी ओर जोन-05 के अंतर्गत रामजीलाल सरदार पटेल नगर वार्ड स्थित मौनी बाबा मार्केट, आलमबाग और आसपास के क्षेत्रों में भी विशेष अभियान चलाया गया। यहां फुटपाथों और सड़कों पर अवैध रूप से लगाए गए 6 ठेले, 4 गुमटियां और 8 काउंटर हटाए गए। इसके अलावा 3 काउंटर, एक रिक्शा ट्रॉली और एक लोहे की गुमटी को जब्त कर नगर निगम के कब्जे में लिया गया।कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण करने वालों को भविष्य में दोबारा कब्जा न करने की कड़ी चेतावनी दी गई तथा 2,500 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने और प्रतिबंधित पॉलीथीन का उपयोग करने वालों के विरुद्ध भी सख्ती बरती गई। इस दौरान 15,000 रुपये का अतिरिक्त शमन शुल्क वसूलकर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के नियमों का पालन सुनिश्चित कराया गया।जोन-03 की कार्रवाई जोनल अधिकारी मनोज यादव के निर्देशन में प्रवर्तन दल-296 द्वारा की गई, जबकि जोन-05 में जोनल अधिकारी विनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में कर अधीक्षक सभाजीत सिंह, जोनल सेनेटरी अधिकारी सचिन सक्सेना, राजस्व निरीक्षक विवेक मिश्रा, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सुभाष चौधरी, प्रवर्तन दल-296 तथा पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान चलाया गया।नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राजधानी को अतिक्रमण मुक्त बनाने, यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने और नागरिकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक सार्वजनिक स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सड़क, फुटपाथ या सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध बिना किसी पूर्व सूचना के सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Login
What's Hot
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

