रांची: झारखंड सरकार ने राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में एमबीबीएस, पीजी और सुपर स्पेशियलिटी की सीटों में प्रस्तावित बढ़ोतरी के अनुरूप आधारभूत संरचना विकसित करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में बढ़ी हुई सीटों के अनुरूप भवन, हॉस्टल, प्रयोगशालाएं, ऑपरेशन थिएटर, उपकरण, फैकल्टी और अन्य आवश्यक संसाधनों का विस्तृत आकलन करने का निर्णय लिया गया। बैठक में बताया गया कि रिम्स में एमबीबीएस सीटें 176 से बढ़ाकर 250, पीजी सीटें 180 से 275 और सुपर स्पेशियलिटी सीटें 11 से बढ़ाकर 100 करने का प्रस्ताव भेजा गया है। इन सीटों के अनुरूप इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के लिए भारत सरकार से वीजीएफ योजना के तहत वित्तीय सहायता प्राप्त करने हेतु विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि वर्तमान सुविधाओं और भविष्य की जरूरतों का समुचित मूल्यांकन कर ऐसा प्रस्ताव तैयार किया जाए, जिससे केंद्र सरकार से अधिकतम स्वीकृति और वित्तीय सहायता मिल सके। उन्होंने जेएसबीसीसीएल को 15 दिनों के भीतर संशोधित डीपीआर विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.बैठक में पलामू और दुमका मेडिकल कॉलेजों में भी भविष्य में सीट वृद्धि और पीजी पाठ्यक्रम शुरू करने की दिशा में आवश्यक आधारभूत संरचना विकसित करने की समीक्षा की गई। इसके साथ ही रिम्स परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने और अनावश्यक अवरोधों को हटाकर परिसर को अधिक व्यवस्थित एवं सुगम बनाने के भी निर्देश दिए गए।
Login
What's Hot
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

