रांची 2 जुलाई (आरएनएस)। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अपने रांची स्थित आवास की छत पर रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित कराया। इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए योजना के लाभों की जानकारी दी और नागरिकों से इसका अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की। संजय सेठ ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सौर ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ा है और स्वच्छ एवं अक्षय ऊर्जा को जन-आंदोलन का रूप मिला है। उन्होंने कहा कि पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य प्रत्येक परिवार को सस्ती, स्वच्छ और आत्मनिर्भर ऊर्जा उपलब्ध कराना है। इसके तहत घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने के लिए केंद्र सरकार आकर्षक सब्सिडी उपलब्ध करा रही है, जिससे बिजली बिल में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।उन्होंने बताया कि योजना के तहत 1 किलोवाट तक के सोलर सिस्टम पर आरएस30,000, 2 किलोवाट तक आरएस60,000 तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सिस्टम पर अधिकतम आरएस78,000 तक की सब्सिडी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि 300 यूनिट तक मासिक बिजली खपत वाले परिवार अपनी आवश्यकता के अनुरूप बिजली उत्पादन कर उल्लेखनीय बचत कर सकते हैं। साथ ही अतिरिक्त बिजली को नेट मीटरिंग के माध्यम से ग्रिड में भेजकर आय अर्जित करने का अवसर भी मिलेगा। संजय सेठ ने कहा कि किसान सौर ऊर्जा से सिंचाई कर रहे हैं और आम नागरिक भी अपने घरों में बिजली उत्पादन कर ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने का आग्रह करते हुए कहा कि यह पहल बिजली बचाने के साथ-साथ हरित एवं विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
Login
What's Hot
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

