मुंबई ,02 जुलाई(आरएनएस)। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भारी बारिश के बीच बड़ी घटना सामने आई है। यहां के साकीनाका इलाके में एक 60 वर्षीय व्यक्ति की खुले मैनहोल में गिरने से मौत हो गई। घटना दोपहर साढ़े 12 बजे खैरानी रोड पर घटी है, जो अंधेरी-साकीनाका और जोगेश्वरी के पश्चिमी उपनगरों को कुर्ला-घाटकोपर के केंद्र से जोड़ती है। मृतक यादव नगर निवासी असलम इसाक शेख हैं। घटना के बाद बचाव दल के कर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन उनको बचाया नहीं जा सका।
रिपोर्ट के मुताबिक, मौके पर 3 निजी ठेका श्रमिकों ने मरम्मत कार्य के लिए मैनहोल का ढक्कन हटाया था। तभी असलम मोबाइल पर बात करते समय चल रहे थे और गलती से खुले मैनहोल में गिर गए। कर्मचारियों ने तुरंत मैनहोल में सीढ़ी डालकर उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें असलम का छाता और चप्पल ही मिल सका। जल निकासी प्रणाली में बारिश के पानी का तेज बहाव होने के कारण, वह किसी दिशा में बह गए।
रिपोर्ट के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही मुंबई दमकल विभाग ने अन्य आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों के साथ मिलकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि काफी खोज बीन के बाद करीब 2 घंटे बाद असलम का शव नाले के अंदर मिला है, जिसके निकालने का प्रयास किया गया। एक अन्य घटना में, दहिसर में भी एक व्यक्ति नाले में प्रवेश कर गया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे किसी तरह सुरक्षित बचा लिया।
मुंबई में बारिश शुरू होते ही हादसों का क्रम भी शुरू हो गया है। पिछले दिनों माटुंगा इलाके में मेयर रितु तावड़े निरीक्षण कर रही थीं। तभी सड़क पर खुले एक मैनहोल में बृह्नमुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) का एक कर्मचारी उनके सामने गिर गया। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने कर्मचारी को बचाया। एक दिन पहले ही चेंबूर में एक जर्जर पेड़ बारिश के दौरान स्कूल बस पर गिर गया, जिससे एक 11 वर्षीय छात्र विहान श्रीवास्तव की मौत हो गई।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

